बेल्हा जेल की 14 बैरकों की सवा घंटे सघन तलाशी, सीसीटीवी की जांच
माफिया ब्रदर्स अतीक-अशरफ के हत्यारोपियों की सुरक्षा परखी गई, डीएम, एसपी व न्यायिक अधिकारियों ने देखी हकीकत
अफसर बोले, बंदी रक्षकों को मिलेगा बॉडी वार्म कैमरा
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। माफिया ब्रदर्स अतीक व अशरफ के हत्यारोपियों को बेल्हा की जेल में शिफ्ट किए जाने के बाद अधिकारियों की सिरदर्दी बढ़ गई है। मंगलवार को डीएम, एसपी व न्यायिक अधिकारी जेल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। सभी 14 बैरकों की सघन तलाशी कराई गई। हत्यारोपियों की बैरक के पास लगे सीसीटीवी की जांच की गई। अफसरों ने बताया कि दरोगा, डिप्टी जेलर समेत चार बंदी रक्षकों को बॉडी वार्म कैमरे दिए जाएंगे। जिससे हत्यारोपियों की कड़ी निगरानी हो सके।
जेल में मंगलवार दोपहर एक बजे डीएम डॉ. नितिन बंसल, एसपी सतपाल अंतिल, न्यायिक अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों ने सबसे पहले स्पेशल तनहाई बैरक में बंद माफिया अतीक व अशरफ के हत्यारोपियों की बैरक की तलाशी कराई। अधिकारियों ने इसके बाद जेल परिसर का निरीक्षण किया। अस्पताल समेत सभी 14 बैरकों की सघन तलाशी कराई। अफसरों के मुताबिक बंदियों की किसी बैरक में कोई प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली।
माफिया ब्रदर्स के हत्यारोपियों की बैरक के सामने चार बंदी रक्षक, एक दरोगा व एक डिप्टी जेलर की तैनाती कराई गई है। बंदी रक्षकों को बॉडी वार्म कैमरा भी मुहैया कराने की तैयारी है। दरसअल सुरक्षा के इनपुट पर नैनी जेल की पुलिस ने जेल के अधिकारियों को सभी बिंदु पर तैयार रहने को कहा है।
डीएम व एसपी ने जेल अधीक्षक, जेलर, डिप्टी जेलर सहित बंदी रक्षकों को सुरक्षा के विषय पर सतर्क किया है। सवा घंटे बाद जेल का निरीक्षण कर डीएम व एसपी बाहर निकले, बैरकों की जांच सहित अन्य कामकाज की जानकारी देने के बारे में पत्रकारों और कैमरे से दूरी बनाए रखी।
इनसेट
हत्यारोपियों को बैरक से बाहर निकलने के दौरान साथ रहे बंदी रक्षक
जेल सूत्रों के अनुसार कारागार की बैरक में बंद माफिया अतीक व उसके भाई अशरफ के हत्यारोपी लवलेश, अरुण व सनी मंगलवार की सुबह शौचालय की ओर निकले तो उनके पीछे दो बंदी रक्षक भी साथ गए। हत्यारोपियों की किसी अन्य बंदियों से कोई बातचीत तो नहीं हुई, लेकिन अन्य बंदी उनके बारे में आपस में ही चर्चा कर रहे थे। नियमित रूप से बंदी रक्षक हत्यारोपियों को भोजन व पानी दिया गया।
इनसेट
एसआईटी करेगी पूछताछ, कार्यक्रम है गोपनीय
शासन की ओर से माफिया ब्रदर्स हत्याकांड की जांच को गठित एसआईटी हत्यारोपी लवलेश तिवारी, अरुण मौर्य व सनी सिंह ने पूछताछ करेगी। सूत्रों के अनुसार आरोपियों को लेकर जेल से प्रयागराज की कॉल्विन अस्पताल क्राइम सीन बनाने के लिए साथ ले जाएगी। मंगलवार सुबह से शाम तक एसआईटी के आने की चर्चा थी, लेकिन बेहद गोपनीय तरीके से आरोपियों से पूछताछ व अन्य कामकाज के विषय पर किसी भी अधिकारी को कोई जानकारी नहीं दी गई। हत्यारोपियों की सुरक्षा को लेकर जनपद के किसी भी अधिकारी को एसआईटी के कामकाज के विषय पर कोई जानकारी नहीं दी गई, जिम्मेदार अधिकारी व जेल प्रशासन के अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। फिलहाल जेल में तलाशी अभियान को एसआईटी के आने का पूर्वाभ्यास माना जा रहा है।