बेकाबू कंटेनर ने दवा खरीदने आ रहे बाइक सवार युवक को रौंद दिया। दुर्घटना में घटनास्थल पर ही युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस क्षतविक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी चालक की तलाश कर रही है। जेठवारा थाना के खटवारा निवासी प्रेमकुमार का 24 वर्षीय पुत्र महेंद्र कुमार वर्मा रविवार की रात किसी रिश्तेदार की दवा खरीदने बाइक से लालगंज बाजार आ रहा था। खेतों में काम कर रहे लोगों के मुताबिक लालगंज कोतवाली इलाके में बाबूगंज-लालगंज मार्ग पर मंहगुआ गांव के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। दुर्घटना में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक कंटेनर लेकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतविक्षत शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।