राजा भैया की पत्नी के तलाक न देने की अर्जी पर प्रतिक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। कुंडा विधायक राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के दिल्ली की एक कोर्ट में अर्जी देकर तलाक देने से इन्कार करने पर एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपाल ने कहा कि इसका फैसला तो न्यायालय ही करेगा। लेकिन इतने दिनों बाद उन्हें कैसे परिवार की याद आ रही है। यह सोचने की बात है।
अक्षय प्रताप सिंह इतने पर ही नहीं रुके बोले कि मानसिक बीमारी की गिरफ्त में रहने वाली भाभी भानवी सिंह की मायके में भी किसी से नहीं बनती। उन्होंने न्यायालय में खुद ही शपथ पत्र दे रखा है कि कई साल से वह राजा भैया के साथ नहीं रहती, बल्कि दिल्ली व लखनऊ में रहती हैं। हर परिवार में कुछ न कुछ लगा रहता है। इसका यह मतलब तो नहीं कि अपने परिवार के सदस्यों पर आरोप लगाए जाएं।
उनकी हरकतों से तंग आकर ही राजा भैया ने उन्हें तलाक देने जैसा बड़ा कदम उठाया। आज भी बच्चे राजा भैया के साथ रहते हैं। उनके आरोप से परिवार के हर सदस्य को गहरा आघात लगा है।