पुलिस लाइन गेट पर आधे घंटे तक की नारेबाजी, डीएम कार्यालय के सामने दिया धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। निकाय चुनाव की मतगणना के दिन अंतू थानाध्यक्ष द्वारा जूबाए के महामंत्री संतोष नारायण मिश्रा के साथ की गई अभद्रता से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नाराज अधिवक्ता पुलिस लाइन गेट पर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन कर डीएम कार्यालय के सामने धरना दिया। चेताया कि यदि अंतू थानाध्यक्ष पर कार्रवाई नहीं की जाती तो उनका आंदोलन दूसरी तहसीलों में भी प्रारंभ होगा। जीआईसी स्थित मतगणना केंद्र के प्रवेश द्वार पर शुक्रवार को थानाध्यक्ष पर चेयरमैन पद के प्रत्याशी की मतगणना कराने जा रहे महामंत्री संतोष नारायण मिश्रा ने अभद्रता करने का आरोप लगाया था।
महामंत्री के साथ दुर्व्यहार करने वाले थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी थी, लेकिन अफसरों ने कोई कदम नहीं उठाया। इससे आक्रोशित अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता व पदाधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर में अंतू एसओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग लेकर सड़क पर उतरे। पुलिस लाइन गेट पर पहुंचकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान करीब आधे घंटे तक आरोपी थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे।
वहां से निकले अधिवक्ताओं ने डीएम कार्यालय के प्रवेश द्वार पर धरना दिया। आंदोलन में वकील परिषद, जिला बार, रुरल बार सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी व वरिष्ठ अधिवक्ता भी थे। कलेक्ट्रेट के प्रशासिनक अधिकारी ने अधिवक्ता संगठन का ज्ञापन लेने के बाद डीएम को भेजने का भरोसा दिलाया।
...................
मायूस होकर कचहरी से लौटे फरियादी
मुकदमे की पैरवी के लिए सुबह ही कचहरी परिसर पहुंच गया था। अधिवक्ता से मिलने के बाद पता चला कि वकीलों के आन्दोलन की वजह से हड़ताल है और कोई काम नहीं होगा।
अशोक सिंह, फतनपुर
0 राजस्व के मुकदमे की पैरवी के लिए वकील के पास गया था। वहां पुलिस से वकील का विवाद होने के बाद धरना की जानकारी मिली। मुकदमे की अगली तिथि पर कचहरी जाएंगे।
श्रीराम, जामताली