उच्च न्यायालय प्रयागराज के प्रशासनिक न्यायमूर्ति जेजे मुनीर ने कहा है कि अधिवक्ताओं हड़ताल करते हैं तो न्यायिक कार्य में बाधा उत्पन्न होने के साथ ही अपना और वादकारी, दोनों का नुकसान करते हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं का आह्वान किया कि वे लक्ष्य बनाकर कार्य करें, तो सफलता अवश्य मिलेगी। अधिवक्ताओं को सदैव विनम्र रहने की सीख भी दी।
कचहरी परिसर में शनिवार को आयोजित जूनियर बार एसोसिएशन पुरातन के भव्य शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति मुनीर ने कहा कि न्यायिक कार्य में बाधा से कितने गरीब मायूस होकर वापस हो जाते हैं। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों से भी आग्रह किया कि सिविल वादों में अगर जरा भी गुंजाइश हो, तो संबंधित को राहत देनी चाहिए। उन्होंने अधिवक्ताओं से कहा कि सिविल, आपराधिक मुकदमों के निस्तारण में विलंब न करें।
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के न्यायमूर्ति राजीव सिंह ने कहा कि जब वह बाहर रहते हैं, तो प्रतापगढ़ जिले की पूरी तरह नुमाइंदगी करते हैं और प्रयास करते हैं कि ऐसा कोई कार्य न हो, जिससे जिले का नाम खराब हो। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता एक सजग प्रहरी के रूप में हैं, प्रत्येक व्यक्ति को उसका सम्मान करना चाहिए। अधिवक्ता उच्च न्यायालय का जज हो सकता है, इसलिए वह अपने आचरण को ध्यान में रखकर लगन व परिश्रम से कार्य करें।
इस मौके उच्च न्यायालय लखनऊ के अवध बार एसोसिएशन के महासचिव मनोज मिश्र ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनपद न्यायाधीश अब्दुल शाहिद ने कहा कि जिस प्रकार से बहती नदी के प्रवाह को नहीं रोकना चाहिए, उसी प्रकार अधिवक्ताओं को न्यायिक कार्य में बाधा नहीं उत्पन्न करना चाहिए।
डीएम संजीव रंजन व एसपी सतपाल अंतिल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रणाम पत्र देकर शुभकामनाएं दी। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष देव नारायण शुक्ल ने जूनियर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित शुक्ल व महामंत्री संतोष सिंह की टीम को शपथ दिलाई। इस मौके पर न्यायिक अधिकारियों में एसीजेएम नीरज त्रिपाठी, एडीजे हरिविंदर सिंह,प्रधान न्यायाधीश सुरेश चंद्र आर्य, परिवार न्यायालय द्वितीय रिचा जोशी, पूर्व अध्यक्ष इंदूभाल मिश्र, महामंत्री संतोष नारायण मिश्र,जय प्रकाश मिश्र, राधेश्याम शुक्ल मौजूद रहे।