भुपियामऊ से सवारी लेकर कटरामेदनीगंज जा रहा एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उस पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नगर कोतवाली के भुपियामऊ निवासी पवन (18) पुत्र रामलखन चौराहे से टेंपो पकड़कर कटरामेदनीगंज जा रहा था। टेंपो भुपियामऊ से आगे ओवरब्रिज के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उस पर सवार पवन, सिटी कस्बा निवासी गोविंद (45), रानीगंज थाना के भागीपुर निवासी लालती (25) पत्नी रामराज, मानधाता थाना के दिवइनी का पुरवा निवासी चमेला (30) पत्नी मेवालाल व मऊआइमा थाना के अल्पा का पुरवा निवासी अमन (6) पुत्र संतोष समेत दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पवन की हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। बाकी लोगों को मरहमपट्टी करके घर भेज दिया। इलाहाबाद ले जाते समय रास्ते में पवन ने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया।