Rajju Bhaiya State University Prayagraj
- फोटो : अमर उजाला
राज्य विश्वविद्यालय में व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को एबीसी (एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट) आईडी बनानी होगी। आईडी न होने पर अभ्यर्थी फार्म नहीं भर पाएंगे। वहीं राज्य विश्वविद्यालय ने प्रवेश परीक्षा आवेदन की तिथि को विस्तारित करते हुए 15 जून कर दिया है।
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय महाविद्यालयों में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए सीईटी (कॉमन एंट्रेंस एग्जाम) परीक्षा आयोजित करेगा। विश्वविद्यालय ने सत्र 2023 से प्रवेश परीक्षा की शुरुआत की है। इसके पहले महाविद्यालयों में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में सीधे दाखिला होता था। इस बार अभ्यर्थियों को दाखिला लेने से पहले प्रवेश परीक्षा पास करना होगा। उसके बाद ही उन्हें महाविद्यालय में दाखिला मिलेगा।
विश्वविद्यालय ने स्नातक स्तर पर बीबीए, बीए एलएलबी, बीपीएड, बीलिब, बीसीए, बीएससी एग्रीकल्चर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा कराएगा। वहीं परास्नातक स्तर पर एलएलबी, एमएड, एमपीएड, एमलिब, एमसीए, एमएससी एग्रीकल्चर के लिए भी प्रवेश परीक्षा देनी होगी। प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को पहले एबीसी आईडी बनाना होगा। आवेदन करते समय इसका कोड अंकित करना होगा। वहीं प्रवेश परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि को विस्तारित कर 15 जून कर दी गई है। ऐसे में 10 जून को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए अब नई तिथि घोषित की जाएगी।
प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को एबीसी आईडी का कोड अंकित करना होगा। यह एक वर्चुअल स्टोर हाउस है, जो हर छात्रों के डेटा का रिकार्ड रखेगा। प्रवेश परीक्षा की अंतिम तिथि 15 जून तय की गई। प्रवेश परीक्षा की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। - डॉ. अखिलेश सिंह, कुलपति, राज्य विवि।