कटरा गुलाब सिंह क्षेत्र में गाड़ी घाट के समीप भाई के साथ स्कूल से घर जा रही एक हाईस्कूल की छात्रा के साथ बाइक सवार दो युवकों ने अभद्रता की। भुक्तभोगी छात्रा ने आरोप लगाया कि साथ चल रहे भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। शोरगुल मचाने पर राहगीरों के बीचबचाव पर आरोपी युवक बाइक लेकर भाग निकले। इसके बाद से दोनों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। छात्रा के भाई ने पुलिस को बताया कि आरोपी गैर समुदाय के हैं। वे देख लेने की धमकी देते हुए भागे हैं। यह जानकारी हुई तो लोग आक्रोशित हो गए। छात्रा के परिजनों ने थाने जाकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी और एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। छात्रा और उसके भाई ने कहा कि शुक्रवार से वे दोनों स्कूल जाना बंद कर देंगे। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।