प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। जनपद न्यायालय परिसर से 3 मार्च को फरार लालगंज कोतवाली के संगियापुर गांव निवासी अपराधी भानू दुबे का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उसे चार सिपाही नैनी सेंट्रल जेल से लेकर प्रतापगढ़ आए थे। उस पर विभिन्न थानाें में हत्या, लूट, डकैती सहित 19 मामले दर्ज हैं। उसे अपने गांव के ही राम आसरे की हत्या में उम्र कैद की सजा हुई है। एक अपराधी को छुड़ाने के दौरान सिपाहियों की दोहरी हत्या, शिक्षक नेता शोभनाथ मिश्र हत्याकांड में भी उसका नाम आ चुका था। गैंगस्टर के मामले में पेशी के दौरान वह चाराें सिपाहियों को चकमा देकर भाग निकला था। उसकी तलाश के लिए शहर कोतवाली के साथ ही लालगंज पुलिस को भी जिम्मेदारी दी गई लेकिन आज तक सुराग नहीं लगा।