मानधाता। क्षेत्र के गजेहड़ा जंगल के समीप अनियंत्रित बाइक सवार के पेड़ से टकराने से एलएलबी के छात्र की मौत हो गई। सुबह जानकारी पर पुलिस पहुंची। सूचना मिलने पर परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए। इलाहाबाद जिले के दारागंज थाना क्षेत्र के बख्शी खुर्द गांव निवासी आशीष यादव (23) पुत्र ईश्वरदयाल यादव किशोरी लाल पीजी कालेज में एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र था। बांदा निवासी उसका मित्र रिंकू द्विवेदी इलाहाबाद में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। आशीष बाइक से रिंकू को उसके रिश्तेदार के घर विश्वनाथगंज छोड़ने के लिए शुक्रवार रात आया था। रात में वहां से लौटते समय गजेहड़ा जंगल के समीप बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार की सुबह जानकारी होने पर पुलिस शव जिला अस्पताल लाई। सूचना पर परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए। आशीष के भाई सौरभ की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।