प्रतापगढ़। जूनियर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजदत्त मिश्र व प्रभाकर सिंह मीनू की हत्या के बाद महामंत्री को धमकी भरा पत्र मिला तो अधिवक्ताओं के होश उड़ गए। एसपी से मुलाकात कर सुरक्षा की मांग की गई। जूनियर बार एसोसिएशन के सभागार में शनिवार को अधिवक्ताओं की बैठक में महामंत्री राजेंद्र कुमार पाठक को रजिस्टर्ड डाक से मिले धमकी भरे पत्र के संबंध में चर्चा की गई। पत्र में साफ लिखा गया है कि पांडेय अशोक, लाल बहादुर, कोमलदत्त और आरिफ कब तक पुलिस की सुरक्षा में रहेंगे। पत्र भेजने वाले ने खुद को अधिवक्ता शुक्ल बताते हुए महामंत्री को भी संभल कर रहने की सलाह दी है। दोपहर में पुलिस अधीक्षक से मिलकर लोगों ने पत्र दिखाया और शिकायती पत्र देते हुए मांग की कि सभी अधिवक्ताओं की सुरक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अधिवक्ताओं का शस्त्र जमा कराना जिला प्रशासन की साजिश है। वकीलों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो वह लोग फिर से आंदोलन को बाध्य होंगे। इस मौके पर अशोक कुमार पांडेय, सूर्य प्रकाश शुक्ल, विजय गुप्ता, रवींद्र कुमार मिश्र, अमरेश सिंह, संजय पांडेय, सुरेश कुमार, रजनीकांत मिश्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।