मनचलों की हरकत से आजिज आ चुकी छात्रा कुछ देर के लिए चंडी बन गई। वह सरेआम मनचले पर चप्पलें बरसाने लगी। मामला समझने के बाद लोग दौड़े तो पिटने वाला युवक भाग गया। इसे लेकर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। नगर कोतवाली के मीराभवन की निवासी छात्रा अमेठी में पढ़ने जाती है। वह बुधवार की सुबह अपनी सहेलियों के साथ अमेठी गई थी। शाम को बीएल पैसेंजर ट्रेन से वापस लौट रही थी। ट्रेन में यात्रा के दौरान तीन मनचले अश्लील हरकत करने लगे। वह उनकी हरकतों से तंग आ गई। सहेलियों के साथ रहने पर वह खामोश होकर सब सहन करती रही। स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो वह पैदल ही अपने घर के लिए चल पड़ी। साइकिल स्टैंड से आगे बढ़ी तो मनचले फिर फब्तियां कसने लगे। उनकी हरकतों से आजिज आ चुकी छात्रा अचानक चंडी बन गई। मनचले युवकों को उसने चप्पल उतारकर दौड़ा लिया। एक युवक को पकड़कर पीटने लगी। सरेराह युवक को पिटते देख लोग माजरा समझने की कोशिश करने के लिए एकत्र हो गए। हालांकि लोगों को झांसा देकर युवक वहां से भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची भंगवा चुंगी पुलिस चौकी के सिपाही उसकी तलाश करने लगे लेकिन कोई नहीं मिला। छात्रा आपबीती सुनाते हुए बिलख पड़ी।