शहर के कई मोहल्ले में एबीसी लगने के बाद भी कटियामारों पर नहीं लगी लगाम
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच इन दिनों भी बिजली की मांग बढ़ी है। जिले के 9 विद्युत उपकेंद्र लाइन लास से हांफ रहे हैं। बीते दस दिन में जिले के 9 उपकेंद्र के आसपास अधिक विद्युत भार की वजह से छोटे व बड़े 16 ट्रांसफाॅर्मर जले हैं। शहर के कई मोहल्ले में एबीसी लगने के बाद भी कटियामारी पर लगाम नहीं लग पा रही है। इस वजह से बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। बिल भुगतान करने वाले सही उपभोक्ता परेशान हैं।
शहर क्षेत्र के दहिलामऊ, कादीपुर, रूपापुर, बाबागंज उपकेंद्र पर एक दिन में करीब 1950 किलोवाट बिजली की खपत रहती है। मई माह में बाबागंज, रूपापुर व दहिलामऊ उपकेंद्र पर अधिकभार व 11 प्रतिशत लाइन लास की वजह से लोकल फाॅल्ट निकलने के साथ ही अधिक भार से 150, 250 व 440 केवीए की क्षमता के कुल 26 ट्रांसफाॅर्मर जले थे।
तीनों उपकेंद्र से जुड़े रूपापुर, जोगापुर काॅलोनी, सगरा, भंगवाचुंगी, विवेक नगर आंशिक, करनपुर, मीराभवन, अष्टभुजा नगर, दहिलामऊ नार्थ, पूरे ईश्वरनाथ सहित 18 मोहल्ले में एबीसी(एरियर बंच कंडक्टर) लगाया गया बावजूद इसके अधिक भार की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। वर्तमान में दहिलामऊ उपकेंद्र का लाइन लास 9 प्रतिशत है।
अधिक भार की वजह से शहर के तीन उपकेंद्र, गौरा, पांडेयतारा, गड़वारा, शुकूलपुर, तवंकलपुर, विश्वनाथगंज, रानीगंज सहित नौ उपकेंद्र के आसपास छोटे व बड़े ट्रांसफाॅर्मर जल रहे हैं। इस माह शहर के तीन उपकेंद्र के अलग- अलग मोहल्ले में 250 केवीए के तीन, 150 के चार, ग्रामीण इलाकों में 150 केवीए के पांच, 63 केवीए के चार व 25 केवीए की क्षमता का एक ट्रांसफाॅर्मर जला है।
इन दिनों विद्युत विभाग के चेकिंग अभियान की रफ्तार कम होने से शहर क्षेत्र में सबसे अधिक कटियामारों के हौसले बुलंद हैं। विद्युत विभाग के अधिकारियों का मानना है कि कटियामारी के दौरान एलटी वायर में केबल लगाने की वजह से शाॅर्टसर्किट के चलते ट्रांसफाॅर्मर के टर्मिनल का फ्यूज जल रहा है। लोकल फाॅल्ट की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।
0 शहर के दो उपकेंद्र पर कई मोहल्ले में एबीसी लगने के बाद अधिक भार की समस्या दूर हुई थी। इन दिनों अधिक भार के चलते फिर से लोकल फाॅल्ट की शिकायतें बढ़ी हैं। कटियामारों के खिलाफ कार्रवाई चल रही है, आगे भी जारी रहेगी।
- अजीत कुमार, एसडीओ टाउन
........
0 बारिश के समय में लोकल फाॅल्ट निकलता है। अधिक भार की समस्या को दूर करने के लिए ग्रामीणों इलाकों में क्षेत्रीय एसडीओ जेई मरम्मत कराने के साथ ही चेकिंग अभियान चला रहे हैं।
- सतपाल, अधीक्षण अभियंता