लालगंज। एटीएम से पैसा निकालने गयी महिला का कार्ड बदलकर टप्पेबाजों ने उसके खाते से चौरासी हजार रुपये उड़ा दिए। महिला ने ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
लालगंज कोतवाली के उमापुर गांव की संगीता अपने पति प्रेमनाथ वर्मा के साथ हरियाणा में रहती है। वहीं की स्टेट बैंक की एक शाखा में उसका बैंक खाता है। बीते दिनों वह अपने गांव आयी थी। पीड़िता के अनुसार बीती चौबीस जून को वह पैसा निकालने लालगंज स्थित बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम गई थी। आरोप है कि यहां पहले से मौजूद एक व्यक्ति ने झांसा देकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और बाद में चौरासी हजार रुपये निकाल लिए। वापस हरियाणा पहुंचकर जब उसने अपना पासबुक प्रिंट कराया तो खाते से चौरासी हजार रुपये गायब थे। मामले में पीड़िता ने अज्ञात के खिलाफ ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद