डीएलएड प्रथम और तृतीय सेमस्टर की परीक्षा जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर बृहस्पतिवार से शुरू हुई। दो पाली में परीक्षा में 736 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए परीक्षा केंद्रों पर पुलिस मुस्तैद रही।
जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई डीएलएड परीक्षा के पहले दिन परीक्षार्थियों की भीड़ सुबह आठ बजे से ही केंद्रों पर पहुंचने लगी। सुबह नौ बजे परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया है। प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र और आधार कार्ड से पहचान की गई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे समाप्त हुई।
पहली पाली डीएलएड प्रथम सेमेस्टर के परीक्षार्थियों ने बाल विकास विषय की परीक्षा दी। दूसरी पाली में दोपहर 1.30 से 3.30 बजे तक डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की शिक्षण अधिगम सिद्धांत विषय की परीक्षा हुई। डीआईओएस ओमकार राणा, डायट प्राचार्य अशोक कुमार और उपशिक्षा निदेशक रमेश तिवारी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा डायट के प्रवक्ताओं की टीम ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। पहली पाली में 4,737 उपस्थित व 485 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 5,162 परीक्षार्थी उपस्थित व 251 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
बी कॉपी और धागे के लिए परीक्षार्थी हुए परेशान
डीएलएड परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को बी कॉपी और धागे के लिए परेशान होना पड़ा। पहली पाली में परीक्षा समाप्त होने के आधे घंटे पहले परीक्षार्थियों ने बी कॉपी मांगी। मुहर न लगी होने के कारण परीक्षार्थियों को देर से बी कॉपी उपलब्ध कराई गई। काॅपियों को बांधने के परीक्षार्थियों ने धागे मांगे। आननफानन में परीक्षा केंद्र के कर्मचारी धागा लेने बाजार पहुंचे। उसके बाद परीक्षार्थियों को धागे उपलब्ध कराए गए।
चौराहों पर लगा रहा लंबा जाम
दूसरी पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर 3.30 बजे से शहर के प्रमुख चौराहों पर करीब दो घंटे जाम की समस्या बनी रही। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं चौराहों पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस के सिपाहियों को जाम खुलवाने में पसीना बहाना पड़ा। शहर के राजापाल चौराहा, चौक घंटाघर, भंगवा चुंगी, सदर बाजार और चिलबिला चौराहे पर जाम से लोग परेशान रहे।