जुआ खेलने को लिए 30 हजार, बदले दिए दो लाख, अब मकान में ताला लगाने की मिली धमकी
- नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के चिलबिला मोहल्ले के पीड़ित का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के चिलबिला मोहल्ले में रहने वाले डेनियम मथाइस ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर सुरक्षा की गुहार लगाई। पीड़ित के अनुसार करीब दो वर्ष पहले वह करनपुर के पास जुएं की फड़ पर तीस हजार रुपये उधार लेकर खेल में शामिल हुआ था। हार गया तो उसने मूलधन के बदले अभी तक ब्याज सहित लगभग दो लाख रुपये आरोपियों को दिए। आरोप है कि 14 जून को पीड़ित बलीपुर की ओर बैंक जा रहा था। कार से आरोपी व उसके कुछ साथियों ने मारपीट कर दस हजार रुपये छीन लिया। बैंक अकाउंट की चेकबुक लेने के बाद लेनदेन का विवरण एक स्टांप पेपर पर हस्तराक्षर करा लिए। आरोपियों ने पांच लाख रुपये नहीं देने पर उसकी हत्या करने और मकान में ताला लगाने की धमकी भी दी है। मामले की जांच के बाद नगर कोतवाली पुलिस पीड़ित डेनियम मथाइस की शिकायत पर आरोपी अतुल, राहुल और केतन सिंह सहित अज्ञात पर केस दर्ज किया है। संवाद