वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए विधायक निधि के ढाई-ढाई करोड़ की पहली किस्त शासन ने जारी कर दी है। अब विधायक अपने क्षेत्र में विकास कार्य करा सकेंगे। इस बार विकास कार्यों के प्रस्ताव विधायकों को ऑनलाइन देने होंगे। इसके लिए ग्राम्य विकास विभाग की ओर से विधायक प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण भी दिलाया गया है।
जनपद के सात विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों और एक विधान परिषद सदस्य को यह निधि मिली है। लोकसभा चुनाव के कारण वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए मिलने वाली विधायक निधि इस बार अप्रैल में जारी नहीं हो सकी थी। जून में आचार संहिता हटने के बाद विधायक निधि जारी करने की प्रक्रिया शुरू हुई।
सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, पट्टी विधायक राम सिंह पटेल, रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा, रामपुरखास विधायक अराधना मिश्रा मोना, कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह, बाबागंज विधायक विनोद सरोज, विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल के अलावा विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह की निधि जारी हो गई है। सभी को ढाई-ढाई करोड़ की किस्त जारी हुई है। विधायक कई माह से अपनी विधायक निधि का इंतजार कर रहे थे। निधि मिलने के बाद विधायक अपने-अपने क्षेत्र में सड़क, खड़ंजा, नाली, सामुदायिक भवन, शैक्षिक भवन, इंटरलाकिंग और बिजली व्यवस्था आदि कार्य तेजी से करा सकेंगे।
ऑनलाइन देना होगा प्रस्ताव
विधायक अभी तक अपने लेटर पैड पर कराए जाने वाले विकास कार्यों का प्रस्ताव ऑफलाइन दे देते थे। जिस पर ग्राम्य विकास विभाग टेंडर कराकर विकास कार्य कराता था, लेकिन इस बार सभी विधायकों को अपनी निधि से काम कराने के लिए विभाग को ऑनलाइन प्रस्ताव देना होगा। बीते माह इसके लिए विधायक प्रतिनिधियों को ऑनलाइन प्रस्ताव देने का प्रशिक्षण भी दिलाया गया है।
सात विधायकों और एक एमएलसी की निधि शासन ने जारी की है। सभी को ढाई-ढाई करोड़ रुपये निधि में मिले हैं। इस बार सभी से ऑनलाइन प्रस्ताव देने की बात कही गई है।
दयाराम यादव, परियोजना निदेशक