स्थानीय वानिकी प्रभाग के अतिथि गृह परिसर में शनिवार को आकांक्षा समिति के तत्वावधान में वन महोत्सव के तहत स्मृति वन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्ष व जिलाधिकारी की पत्नी डॉ. स्निग्धा रश्मि ने कहा कि पर्यावरण संतुलन इस समय ग्लोबल वार्मिंग के नियंत्रण के लिए विश्व की मेधा के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। डॉ. स्निग्धा ने छात्र-छात्राओं से पौधरोपण अभियान के तहत हरित क्रांति को सशक्त बनाकर भारत की वैश्विक ऊर्जा को अव्वल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के संबोधित करते हुए डीएम शंभु कुमार ने कहा कि पौधरोपण अभियान हमारे मौलिक विकास को आगे बढ़ाने का सशक्त अभियान है। उन्होंने लोगों के बीच पौधरोपण की संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए आपसी विवादों को हल कराकर गांव गांव में समझौता कराने से इस अभियान की व्यापकता बढ़ेगी। डीएम ने कहा कि पर्यावरण की संरक्षित करने से आने वाले दिनों में सामाजिक परिवेश दुरुस्त रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ राजकमल यादव ने कहा कि जब तक हम प्राकृतिक परिवेश को सुरक्षित आयाम देते रहेंगे, हमारे सामाजिक एवं राष्ट्रीय उत्थान को मजबूती मिलती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. स्निग्धा ने ग्लोबल वार्मिंग पर संवाद प्रश्नोत्तरी के तार्किक पक्ष रखने पर छात्रा प्रियांशु यादव को सम्मानित किया। अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लोगों को दिलाया। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण सेना के अध्यक्ष अजय क्रांतिकारी व आभार प्रदर्शन डीएफओ बीआर अहिरवार ने किया। इस मौके पर एसडीएम महेंद्र सिंह, सीओ ओपी द्विवेदी, वन क्षेत्राधिकारी विजय शंकर दुबे, बार के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल, सुनील कुमार शुक्ल, संतोष सिंह, ओमप्रकाश पांडेय आदि मौजूद रहे।