वन विभाग की टीम ने मंगलवार को कुंडा इलाके में दबिश देकर 12 अवैध आरा मशीनों के खिलाफ कार्रवाई की। वन विभाग की दबिश से आरा मशीन संचालकों में हड़कंप मचा रहा। मामले में सभी 12 आरा मशीन संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
वन क्षेत्राधिकारी कुंडा आशीष सिंह ने टीम के साथ कुंडा क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही आरा मशीनों के ठिकानों पर दबिश दी। खटवारा इलाके में वकील, सुरेश उर्फ बच्चा तिवारी और भावनपुर में सुरेश तिवारी, कल्लू, शेबू, अब्दुल्ला, सगीर व सबलगढ़ में संगम तिवारी अवैध आरा मशीन संचालित करते हुए पकड़े गए। वहीं डेरवा में सुरेश और घोनीपुरवा में रूवाब, पप्पू व परियावां में निजाम की आरा मशीन अवैध पाई गई। छापा के दौरान वन विभाग की टीम ने मशीनों को ध्वस्त कर दिया। मौके पर मिले उपकरण को जब्त कर लिया गया। वन क्षेत्राधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि अवैध आरा मशीन संचालन की सूचना पहले मिली थी। मंगलवार को दबिश देकर कार्रवाई की गई। 12 अवैध आरा मशीन संचालकों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।