जमीन के विवाद को लेकर रविवार को दो पक्षों में मारपीट के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 26 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें 11 नामजद और 15 अज्ञात शामिल हैं।
मानिकपुर के करेंटी गांव निवासी आयुष पांडेय उर्फ राजा और मऊदारा के मुन्ना तिवारी के बीच जमीन पर कब्जे को लेकर रंजिश है। रविवार को दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में आयुष पांडेय, राज शुक्ला, सिद्धार्थ पांडेय, अभय मिश्र, शरद पांडेय समेत कई लोग घायल हो गए। सीएचसी से डाॅक्टरों ने आयुष पांडेय को प्रायगराज और वहां से लखनऊ रेफर कर दिया। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने क्राॅस केस दर्ज किया है। एक पक्ष से मुन्ना तिवारी की तहरीर पर आयुष पांडेय समेत आठ नामजद व अज्ञात अन्य पर मुकदमा दर्ज किया तो दूसरे पक्ष से जय प्रकाश पांडेय की तहरीर पर मुन्ना तिवारी समेत छह नामजद और तीन अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया। दोनों ही पर पुलिस ने गाली गलौज, मारपीट, तोड़फोड़, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। चर्चा है कि सोमवार को घर के बगल में बने मंदिर में मुन्ना तिवारी पूजा कर रहे थे उसी समय पुलिस पकड़ कर थाने ले गई।
महिला को घर में घुसकर पीटा, मुकदमा दर्ज
संग्रामगढ़ के कैथन का पुरवा कामापट्टी निवासी सुरेखा देवी ने बताया कि सोमवार को गांव के कुछ लोग उसकी जमीन पर कब्जा कर निर्माण करवा रहे थे। विरोध करने पर आरोपी जातिसूचक गालियां दी। आरोपियों ने महिला को घर में घुसकर पीटकर घायल कर दिया। महिला को मरा समझ आरोपी भाग निकले। परिजनों ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी संग्रामगढ़ में भर्ती कराया। पुलिस ने हरकेश पाल, कमलेश गौतम, अजय, विशाल, गीता पर मुकदमा दर्ज किया। संवाद