जिला पंचायत अध्यक्ष पद के अविश्वास प्रस्ताव पर जल्द निर्णय हो सकता है। नवागत डीएम शीतल वर्मा ने चार्ज ग्रहण करने के बाद इसकी पत्रावली तलब की है। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद जिले में भी प्रथम महिला की कुर्सी हथियाने की जद्दोजहद शुरू हो गई है। करीब एक सप्ताह पूर्व बीसलपुर क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य शोभना देवी के नेतृत्व में कुछ सदस्यों ने तत्कालीन डीएम मासूम अली सरवर के समक्ष 19 शपथपत्रों के साथ अविश्वास प्रस्ताव सौपा था। हालांकि इसके अगले ही दिन तीन सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष आरती महेंद्र के साथ डीएम को शपथ पत्र सौंपे जिसमे एक दिन पूर्व सौंपे गए शपथपत्रों में नाम गलत तरीके से शामिल करने का आरोप लगाकर खुद को जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ बताया था। डीएम ने दोनों पक्षों के शपथपत्र डीपीआरओ को सौपकर जांच के आदेश दिए थे। सोमवार को नवागत डीएम शीतल वर्मा ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद एडीएम से इस बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने डीपीआरओ को पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सूत्रों की मानें तो डीएम इस मामले पर जल्द कार्रवाई कर सकती है।