जहानाबाद। राजस्थान में नौकरी करने गए युवक की उसके साथी से कहासुनी हो गई। इसके बाद उसका शव जयपुर में मजार के पास पड़ा हुआ मिला। परिजनों ने जहानाबाद पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया दलेलगंज निवासी उवैस के मामा जाहिद ने बताया कि तीन माह पूर्व उनका भांजा उवैस उर्फ छोटा (22 वर्ष) राजस्थान के जयपुर शहर में नौकरी करने गया था। उसके साथ माता-पिता भी वहीं रहकर काम करते थे। क्षेत्र के ही गांव सुंदरपुर निवासी नफीस अहमद एवं सफीक अहमद से जयपुर में उवैस की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, लेकिन बाद में फिर बातचीत शुरू हो गई।
एक जनवरी को दिन में 11 बजे उवैस घूमने गया था। जब देर रात तक घर पर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों ने उसे फोन लगाया। तब फोन नहीं मिल सका। जब उवैस के दोस्त नफीस के नंबर पर कॉल की गई, तो उसने फोन नहीं उठाया।
मंगलवार की सुबह उवैस के भाई सरताज के मोबाइल पर नफीस ने वाइस काल रिकार्डिंग भेजी। इसमें कहा कि उवैस को कुछ लोग सड़वा दरगाह के पास पीट रहे हैं। उवैस के मामा ने सुंदरपुर जाकर नफीस के घर वालों से बातचीत करनी चाही, तो उसके भाई घर से भाग गए। पता चला कि उवैस का शव जयपुर में ही मजार के पास मिला है। पोस्टमार्टम के बाद शव को ग्राम खमरिया दलेल गंज लाया जाएगा। परिजनों ने थाना जहानाबाद पर शिकायती पत्र देकर नफीस व उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की है।