देवहा नदी के पास लगी भीड़ । संवाद
पीलीभीत। थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव रूपपुर कमालू का रहने वाला वाला युवक अपने चाचा और दोस्त के साथ देवहा नदी में नहाने के लिए आया था। नदी का बहाव अधिक होने के कारण वह डूब गया। सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस के आते ही चाचा और दोस्त भाग गए। बाद में असम चौराहे से दोनाें को पकड़ लिया गया। डूबे युवक की गोताखोर तलाश कर रहे हैं।
गांव रूपपुर कमालू का रहने वाला 23 वर्षीय दीपक अपने मुंहबोले चाचा मुकेश और दोस्त नितिन शर्मा के साथ शाम करीब चार बजे मुक्ति धाम स्थित देवहा नदी किनारे पहुंचा। तीनों ने वहां बैठकर शराब पी। इसके बाद दीपक नहाने के लिए नदी में घुस गया। काफी देर नहाने के बाद वह बाहर आया और स्कूटी से जाकर दोबारा शराब खरीद कर लाया। इसके बाद फिर तीनों ने शराब पी।
इसी बीच दोस्त ने दीपक से नदी से जलकुंभी लाने के लिए कहा। इस पर दीपक नदी में कूद गया। पानी का तेज बहाव और गहराई अधिक होने से वह नदी में डूब गया। नदी किनारे मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद मुकेश और नितिन मौके से भाग गए। बाद में असम चौराहे से दोनों को पकड़ कर लाया गया। वीडियो बनाने की बात सामने आने पर काफी देर तक पुलिस ने उनके मोबाइल की पड़ताल की, लेकिन मोबाइल में कोई वीडियो नहीं मिला। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर जगत पाल ने बताया कि नदी में युवक की तलाश की जा रही है।