पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र में मां के साथ शादी समारोह में आई दो साल की बच्ची से टेंट लगाने वाले युवक ने छेड़खानी की। उसके साथ अश्लील हरकतें की। पीड़ित बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बुधवार देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि वह अपने मायके में भतीजे के शादी समारोह में आई थी। उसकी दो वर्षीय बच्ची कमरे में सो रही थी। इसी दौरान टैंट लगाने आया युवक कमरे में घुस गया और सोती बच्ची से छेड़खानी करने लगा।
महिला कमरे में पहुंची तो उसने युवक को बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करते देख शोर मचा दिया। इस पर युवक भाग गया। महिला ने मामले की थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।