पीलीभीत। यहां एक युवक ने गांव के मंदिर के पास जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव संडिया निवासी डोरीलाल ने बताया कि उनके पुत्र मदनलाल (26) का विवाह थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव लालपुर की रहने वाली राखी के साथ हुआ था। वह ससुराल में ही रहता था। सोमवार को वह अपनी पत्नी राखी व सास के साथ घर संडिया आया था।
इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद पत्नी राखी अपनी मां के साथ घर में रखा कुछ सामान लेकर अपने मायके चली गई। कुछ देर के बाद उनका पुत्र भी घर से बिना बताए ही कहीं चला गया। रात लगभग साढ़े आठ बजे गांव में मंदिर के पीछे उनका पुत्र बेहोशी की हालात में पड़ा हुआ मिला।
मंदिर के पुजारी ने मामले की सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे घर ले आए। थोड़ी देर बाद ही पुत्र की मौत हो गई। इसके बाद मामले की सूचना सुनगढ़ी पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर संजीव शुक्ला ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।