बरखेड़ा। शराब के नशे में धुत बिजली ठेकेदार और उसके साथियों ने बरगदा गांव में बन रहे ओवरहेड टैंक पर काम करने वाले मजदूरों से मारपीट की। सुबह शिकायत करने पहुंचे मजदूरों से दोबारा विवाद किया। बीच-बचाव करने पहुंची महिला को सिर पर डंडे से वार कर घायल कर दिया। मजदूरों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ थाने जाकर तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बरखेड़ा के वार्ड-दो में रहने वाले अंकित वाल्मीकि, सचिन, अनुज व सुनील बुधवार की रात करीब नौ बजे ओवरहेड टैंक पर काम करके वापस घर जा रहे थे। आरोप है कि वे लोग नगर पंचायत कार्यालय के पास पहुंचे ही थे कि एक कार से बिजली ठेकेदार और उसके पांच साथी कार से उतरे। किसी बात को लेकर मजदूरों से विवाद किया और मारपीट करने लगे।
किसी तरह घर पहुंचे मजूदरों ने आपबीती परिजनों को बताई। सुबह नौ बजे नगर पंचायत कार्यालय के पास हमलावरों की गाड़ी दिखी तो युवकों के परिजनों ने रोककर विवाद की वजह पूछी। इस बात पर आरोपी भड़क गए और मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने सुनीता देवी पहुंची तो उनके सिर पर डंडा मारकर घायल कर दिया।
घटना की जानकारी पर वाल्मीकि समाज के लोग जमा हो गए। आरोपी बिजली ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की। नगर पंचायत अध्यक्ष श्यामबिहारी भोजवाल के साथ थाने जाकर ठेकेदार और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।