शादी के बाद से ही दहेज के लिए परेशान कर रहे थे ससुराल वाले
परिवार परामर्श केंद्र में पति ने समझौते से कर दिया इन्कार
पूरनपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने मोहल्ला रजागंज निवासी मंतशा बी को तलाक देकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने मंतशा की तरफ से पति मोहल्ला खानकाह निवासी आरिफ खां और ससुर छोटे खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मंतशा ने बताया कि नौ साल पहले उसकी शादी आरिफ खां से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले उसका मानसिक व शारीरिक शोषण करने लगे। कई बार पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया गया। मगर पंचायत के बाद आरिफ उसे विदा कराकर घर ले आया। मंतशा ने बताया कि 21 जून 2022 को पति ने उसकी पिटाई कर अगले दिन तलाक लेने का दबाव बनाया। 22 जून को उससे तलाकनामे पर हस्ताक्षर कराकर तीन तलाक देकर भगा दिया। तब से मायके में अपने दोनों बच्चों के साथ रह रही है। शिकायत करने पर पुलिस ने मामले को परिवार परामर्श केंद्र में भेज दिया। यहां पति को बुलाया गया तो उसने समझौता करने से इन्कार कर दिया। इंस्पेक्टर क्राइम उमेश कुमार ने बताया कि मंतशा की तहरीर पर उसके पति आरिफ खां और छोटे खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।