गजरौला। असम हाईवे पर गजरौला क्षेत्र में सोमवार शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई, जबकि दो मासूमों समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
हादसा सोमवार शाम गजरौला क्षेत्र में जरा के पास हुआ। बाइक सवार बरखेड़ा क्षेत्र के दौलतपुर पट्टी गांव निवासी राकेश कुमार अपनी मां रामबेटी (45) के साथ रविवार को पूरनपुर के शेरपुर कलां गांव स्थित बहनोई के घर गए थे। एक रात रुकने के बाद सोमवार शाम को असम हाईवे से होकर घर लौट रहे थे।
बाइक पर मां के अलावा चार वर्षीय पुत्री पारो और नौ माह की पुत्री लक्ष्मी भी थी। गजरौला क्षेत्र में जरा के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक गिर गई। हादसे में दोनों मासूमों समेत सभी को चोटें आईं।
मां रामबेटी काफी चोटें आईं। एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।