बीसलपुर। पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा ने कहा कि क्षेत्रीय जनता की मांग पर वह देवहा नदी के पुरैना घाट पर पुल मंजूर कराने का पूरा प्रयास करेंगे।वह बृहस्पतिवार को चीनी मिल अतिथि गृह में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह पहले जनता की मांग पर देवहा नदी के ललौर गुजरानपुर घाट पर 23 करोड़ की लागत का पुल स्वीकृत करा चुके हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि अब पुरैना और उसके आसपास के कई गांवों के लोग पुरैना घाट पर पुल बनवाने की मांग कर रहे हैं। उसे लेकर ग्रामीणों ने दो दिन उनके आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन भी किया। अब वह शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग और सेतु निगम के अधिकारियों के साथ देवहा नदी के पुरैना घाट पर पुल निर्माण की संभावना तलाशेंगे। ग्रामीणों के साथ बैठक भी करेंगे। इस दौरान उनके बेटे भाजपा विधायक विवेक वर्मा और बरेली के नवाबगंज क्षेत्र के भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्या भी मौजूद रहेंगे। संवाद