पूरनपुर। पत्नी और साले-साली के पिटाई करने से आहत गांव भवानीगंज निवासी 27 वर्षीय रामविलास ने जहर खाकर जान दे दी। रामविलास के पिता जागन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने रामविलास के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जागन सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने पुत्र रामविलास की शादी पांच साल पहले गांव रुरिया सलेमपुर निवासी सुदामा से की थी। दोनों के एक पुत्र और पुत्री है। छह महीने से रामविलास और सुदामा के बीच अक्सर झगड़ा होता था। जागन की शिकायत पर मायके वालों ने आकर सुदामा को समझाया भी, लेकिन उसने झगड़ा करना बंद नहीं किया। 12 जुलाई को फिर दोनों में झगड़ा हुआ तो सुदामा ने अपने भाई और बहन को बुला लिया।
आरोप है कि तीनों ने मिलकर रामविलास से गालीगलौज की और फिर उसकी पिटाई कर दी। इससे आहत होकर बृहस्पतिवार को रामविलास ने जहर खा लिया। इलाज के लिए पीलीभीत ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। जागन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि रामविलास के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।