पूरनपुर। पत्नी की मौत के सदमे में युवक की मौत के बाद सोमवार को गांव पिपरा मुजप्ता में हर आंख नम दिखाई दी। एक साथ दोनों की अर्थियां उठने पर मौके पर मौजूद महिलाएं चीत्कार करने लगीं। पहले पुत्रवधू और बाद में पुत्र की मौत पर गंगा देवी कई बार बदहवास होकर गिर गईं।
नन्हे लाल चार भाइयों में सबसे छोटे थे। गांव वालों ने बताया कि नन्हे लाल और रीता देवी हंसी-खुशी साथ रहते। कभी दोनों में कहासुनी तक नहीं हुई। रीता देवी के गर्भ में बच्चा होने की जानकारी पर दंपती ने कई सपने संजोए थे। जब रीता देवी को पूरनपुर सीएचसी लाया गया तब गंगा देवी ने अन्य परिजन से कई बार फोन कराकर उसका हाल जाना।सोमवार को पुत्रवधु और पुत्र का शव देखकर रोते-रोते उनका बुरा हाल हो गया। पड़ोसी और गांव वाले भी शोक संतप्त थे। आसपास के घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
-
नर्सिंग होम संचालक ने नहीं रिसीव की कॉल
सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अनिकेत गंगवार ने बताया कि अब तक की जांच में नर्सिंग होम के पंजीकरण का नवीनीकरण होना नहीं पाया गया है। नर्सिंग होम के संचालकों को तलब करने के लिए मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। दो संचालकों के मोबाइल नंबर नहीं मिले। तीसरे ने कई बार कॉल करने के बाद भी कॉल रिसीव नहीं की।
बरेली के चिकित्सक के नाम है पंजीकरण
जांच में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि नर्सिंग होम का पंजीकरण बरेली के चिकित्सक अमन पाठक के नाम है। अमन पाठक को अभिलेखों सहित तलब किया गया है। मंगलवार को गांव पहुंचकर परिजनों के बयान लिए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग इन बिंदुओं पर कर रहा जांच
प्रसव के लिए आईं रीता देवी का ऑपरेशन किस सर्जन ने किया।
ऑपरेशन से पहले किस निस्तेचक ने नशे की डोज दी थी।
कितने बजे प्रसव को रीता देवी को नर्सिंग होम लाया गया था। कितने बजे ऑपरेशन हुआ और किस समय रेफर किया गया।
बरेली पहुंचने से पहले रीता देवी की मौत कब हुई।
बरेली के जिस चिकित्सक के नाम नर्सिंग होम का पंजीकरण है, वह नर्सिंग होम में बैठ रहा है या उसने सिर्फ अभिलेख दिए हैं।
जिस चिकित्सक के नाम पंजीकरण है ऑपरेशन के समय वह मौजूद था या नहीं।
सीएचसी से किस आशा वर्कर ने रीता देवी को नर्सिंग होम तक पहुंचाया।
सीएचसी में किस कर्मचारी ने निजी अस्पताल जाने की सलाह दी।
-
नन्हे लाल के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। प्रसूता की मौत के मामले में दर्ज रिपोर्ट में कोतवाली पुलिस ने विवेचना शुरू की है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - आलोक सिंह, सीओ