पूरनपुर नगर में संरक्षित पशु का मांस मिलने पर एकत्र हुए लोग।संवाद
पूरनपुर। संरक्षित पशुओं की हत्या कर मांस बिक्री के लिए ले जा रहे बाइक सवारों से युवक भिड़ गया। हाथापाई पर युवक ने लोगों के दरवाजे पीटते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर आरोपी मांस के पैकेट फेंककर भाग गए। घटना पर हिंदूवादी संगठन के नेताओं ने रोष व्यक्त किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 50 किलोग्राम मांस बरामद करने का दावा किया है।
घटना मोहल्ला साहूकारा लाइनपार में सुबह करीब पांच बजे की है। तीन बाइकों से मांस को बिक्री के लिए ले जा रहे बाइक सवारों की जानकारी पर मोहल्ले के एक युवक ने तीनों को रोक लिया। इस पर तीनों ने उससे मारपीट की कोशिश की। इस पर युवक ने आसपास के दरवाजों को खटखटाने के साथ शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर तीनों मांस के कट्टों को फेंक कर बाइकों से भाग गए।
कुछ ही देर में सूचना मिलने पर हिंदूवादी संगठन के संजय मिश्रा, शिवम भदौरिया, गणेश सत्यवली ने टीम के साथ पहुंचकर नाराजगी व्यक्त की। हिंदूवादी नेताओं ने बताया कि फेंका गया मांस दो क्विंटल था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फेंके गए मांस को कब्जे में लेकर दफन करा दिया। पुलिस ने साहूकारा (कुरैशियान) निवासी अफ्फान, जुल्फाम, रिजवान को गिरफ्तार कर 50 किलोग्राम मांस बरामद करने का दावा किया है।