तहरीर मिलने पर पुलिस ने दर्ज की अज्ञात पर रिपोर्ट
पीड़ित शिक्षक को सताया डर, छानबीन में जुटी पुलिस
प्राइमरी स्कूल दलेलगंज की दीवारों पर लाल रंग से एक शिक्षक की मौत की तिथि जगह-जगह पर लिख दी गई। विद्यालय पहुंचने पर दीवारों पर लिखी इन लाइनों को देख शिक्षक के होश फाख्ता हो गए। अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर पीड़ित शिक्षक ने कार्रवाई की मांग की है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के शिवनगर कॉलोनी निवासी शिक्षक निखिल मिश्रा पुत्र रामशंकर ने जहानाबाद पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ माह से उनकी तैनाती प्राइमरी स्कूल दलेलगंज (खमरिया) में चल रही है। मंगलवार को वह रोज की तरह सुबह करीब साढ़े सात बजे विद्यालय पहुंचे। यहां स्कूल की दीवार पर उनकी मौत की तिथि 12 सितंबर लिखी मिली। जिसको देख उनके होश उड़ गए। कुछ ही देर में जानकारी मिलने पर स्टाफ के अन्य लोग भी आ गए। आसपास के लोगों से बातचीत कर जानकारी करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई क्लू नहीं मिल सका। इसके बाद एहतियातन शिक्षक ने थाना जहानाबाद पहुंचकर तहरीर पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। जिसके बाद तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। अब यह किसी की शरारत है या फिर धमकी? पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामला पूरे क्षेत्र में चर्चाओं में है।