अमरिया में भूकंप के झटके के बाद दुकानो व मकानो से निकलकर लोग बाहर खड़े हो गये । संवाद
पीलीभीत। जिले में दोपहर 2:52 बजे करीब आठ सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। गनीमत रही है कि भूकंप ज्यादा तीव्रता का नहीं था। उस वक्त स्कूलों में पढ़ाई चल रही थी, झटके महसूस हुए तो बच्चे डरकर कक्षाओं से बाहर निकल आए।
सामान्य दिनों की भांति मंगलवार को लोग अपने काम काज में व्यस्त थे। तभी दोपहर करीब 2:52 लोगों को कुछ झटके महसूस हुए। किसी ने कहा कि उनकी कुर्सी हिली तो किसी ने पलंग हिलने की बात कही, तो किसी की बाइक असंतुलित हो गई। देखते ही देखते पूरी शहर में ही नहीं बल्कि पूरे जिले में भूकंप का शोर मच गया।
भूकंप के झटके के बाद लोग काफी डरे हुए नजर आए। काफी देर तक लोग घर के अंदर ही नहीं घुसे कि कहीं दोबारा भूंकप न जाए। भूकंप के झटके महसूस होने पर मोहल्ला अवध नगर, निरंजकुंज, अशोक कालोनी, सुनगढ़ी, बल्लभनगर आदि मोहल्लों के लोग घरों के बाहार आ गए थे। तो वहीं बाजार के व्यापारी भी अपना कामधाम छोड़ सड़क पर आ गए।
व्यापारी बोले कि भूकंप ज्यादा तेज नहीं था, नहीं तो नुकसान हो जाता है। वहीं कुछ देर बाद सोशल मीडिया पर भी भूकंप का शोर मचा जो काफी देर तक चला। इसके अलावा पूरनपुर, अमरिया, बिलसंडा, न्यूरिया आदि स्थानों पर भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। लोग घरों, दुकानों, कार्यालयों से बाहर निकल आए।
अमरिया में भूकंप के झटके के बाद दुकानो व मकानो से निकलकर लोग बाहर खड़े हो गये । संवाद