मेडिकल कॉलेज में दवा वितरण कक्ष के बाहर दवा लेने को लगी लाइन । संवाद
पीलीभीत। ठंड के चलते मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सीमित हुई मरीजों की संख्या अब शीत लहर थमने पर बढ़ने लगी है। सोमवार को 1020 से ओपीडी में पहुंचे। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का अनुमान है कि मौसम में सुधार होने पर ओपीडी में रोगियों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
एक माह से भीषण ठंड के चलते मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोगियों की संख्या घटकर सात-आठ सौ के बीच रह गई थी। फरवरी के पहले सोमवार को बारिश के बाद मौसम कुछ सुधरा तो 1020 मरीज इलाज के लिए ओपीडी में पहुंचे। पर्चा काउंटर, दवा काउंटर और डॉक्टर कक्ष के बाहर दोपहर तक लाइनें लगी रहीं। मरीज को घंटों लाइन में लगना पड़ा। मेडिकल कॉलेज के फिजिशियन कक्ष, चर्म रोग विशेषज्ञ कक्ष, ईएनटी विशेषज्ञ के कक्ष में ज्यादा मरीज पहुंचे। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रमाकांत सागर ने बताया मौसम में बदलाव के चलते लोगों में सर्दी जुकाम की समस्या बढ़ गई है। मौसम अब ठीक हो गया है। अब लगातार मरीजों की संख्या बढ़ेगी।
अब बढ़ेंगे मरीज, किए इंतजाम
मौसम में सुधार होते ही मेडिकल कालेज में मरीजों की संख्या भी बढ़ेगी, इसके लिए इंतजाम शुरू कर दिए गए हैं। फिजिशियन कक्ष में तीन डॉक्टरों को बैठाया जा रहा है, ताकि मरीजों को असुविधा न हो। इसके अलावा महिलाओं के लिए दवा का काउंटर अलग कर दिया गया है। इससे महिला मरीजों को दवा लेने में सुविधा होगी। सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि ठंड कम होते ही मरीजों की संख्या बढ़ेगी, इसे लेकर बेहतर उपाय करने पर जोर दिया जा रहा है।