शुक्रवार की रात आंधी-पानी के साथ ओलावृष्टि ने किसानों को किया बेहाल
सात घंटों में 16 मिमी बारिश होने का लगाया जा रहा अनुमान
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शुक्रवार रात करीब सात घंटे जबरदस्त बारिश और ओले गिरने से किसानों के खेतों में खड़ी फसल बिछ गई। असमय हुई बारिश और ओलावृष्टि से जिले में करीब 30 प्रतिशत गेहूं की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। सात घंटों में 16 मिमी बारिश हुई।
शुक्रवार को सुबह से ही बादल छा गए। शाम होते-होते आंधी के साथ तेज बारिश होने लगी। इस बीच बारिश के साथ ओले भी गिरने शुरू हो गए। बरेली सीमा से लगे क्षेत्र ललौरीखेड़ा, बरख़ेड़ा, बिलसंडा आदि क्षेत्रों में जमकर ओले गिरे। आंधी, पानी और ओले के गिरने से खेतों में पककर तैयार खड़ी गेहूं की फसल बिछ गई।
असमय मौसम में बदलाव और बारिश ने किसानों को कहीं का नहीं छोड़ा है। पूर्व में हुई बारिश के बाद शेष बची फसल भी बर्बाद हो गई। ऐसे में किसानों के सामने अब परिवार को पालने और कर्ज की अदायगी की समस्या गहरा गई है। बारिश का क्रम शनिवार को भी बना रहा। दोपहर में भी तेज बारिश शुरू होने से किसानों को सकते में डाल दिया।
00
आंधी पानी में उड़ गया टोल प्लाजा की टिन शेड
शुक्रवार की रात तेज आंधी-पानी से असम हाईवे पर गांव बिठौरा के पास बने टोल प्लाजा की टिनशेड उड़ गया। इस दौरान वहां मौजूद कर्मियों ने किसी तरह से भागकर अपनी जान को बचाया। ऐसे में वाहन वहां से काफी देर बाद गुजर सके।
00
पार्क में भरा पानी, बच्चों को हुई परेशानी
शुक्रवार की रात हुई बारिश से अशोक कॉलोनी में सड़कों पर दो से तीन फुट तक पानी बहने लगा। बारिश का पानी पार्क में भी भर गया। पानी भरा होने के कारण कॉलोनी के बच्चे पार्क में खेल नहीं सके।
00
25 से 30 प्रतिशत का आंका जा रहा नुकसान
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि बारिश से सबसे अधिक निचले हिस्से के खेतों में खड़े गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। खेत में पहले से नमी थी और अब पानी अधिक हो गया। ऐसे में गिरे पडे़ गेहूं के सड़ने की आशंका बन गई है। बताया कि जो गेहूं आधे पके थे उनका दाना भी सड़ सकता है। करीब 16 मिमी हुई बारिश से जिले में 25 से 30 प्रतिशत का नुकसान होने का अनुमान है। इसका सर्वे करवाया जा रहा है।
00
चार अप्रैल को फिर हो सकती है बारिश
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि शनिवार की रात तक बारिश होने की आशंका है। रविवार को मौसम साफ रहेगा। अब चार अप्रैल को फिर बारिश हो सकती है।
असम हाईवे पर बिठौरा के पास टोल प्लाजा का धराशाई टीनशैड, फंसा वाहन। संवाद
असम हाईवे पर बिठौरा के पास टोल प्लाजा का धराशाई टीनशैड, फंसा वाहन। संवाद