टीम के साथ पकड़ी गई ट्रैक्टर ट्राली। स्रोत - विभाग
पूरनपुर। बगैर अभिलेखों के ट्रैक्टर और दो ट्राॅलियों से ले जाए जा रहे गेहूं को मंडी समिति की टीम ने पकड़ लिया। मौके पर पहुंचे डिप्टी आरएमओ ने ट्रैक्टर और दोनों ट्राॅलियों को कब्जे में ले लिया।
समर्थन मूल्य से गेहूं का दाम बाजार में अधिक होने पर कुछ व्यापारी गेहूं को खरीद कर ऊंचे दामों मेें बिक्री के लिए अन्य शहरों में ले जा रहे है। शनिवार को मंडी समिति सचिव सर्वेश शुक्ला के निर्देशन में गठित टीम ने असम हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर के समीप ट्रैक्टर के पीछे लगी दो ट्रॉलियों से पीलीभीत की ओर बगैर कागजों के ले जाए जा रहे गेहूं को पकड़ लिया।
गेहूं से भरी दोनों ट्राॅलियों, ट्रैक्टर को मंडी समिति लाया गया। सर्वेश कुमार शुक्ला ने बताया कि ट्रैक्टर चालक ने व्यापारी के फड़ से भरकर गेहूं ले जाने की जानकारी दी। मगर वह कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। बाद में वहां पहुंचे एक व्यक्ति ने गेहूं उसका होने का दावा किया।
पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। गेहूं, व्यापारी का होने की स्थिति में जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। टीम में मंडी सहायक मनीष अग्रवाल, संजय सक्सेना शामिल थे।