पीलीभीत। मतदान के दिन 760 बूथों की वेब कास्टिंग की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी एक निजी कंपनी को दी गई है। विधानसभा स्तर पर एक- एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। वहीं मुख्यालय पर भी एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। यहां पर सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग स्क्रीन लगाई जाएगी।
पीलीभीत लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल को मतदान है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिले के 1521 पोलिंग बूथों के सापेक्ष 50 फीसदी बूथों की वेब कास्टिंग कराई जाएगी। इसमें 516 क्रिटिकल एवं 51 वल्नरेवल बूथ है। इससे इन पोलिंग बूथों पर होने वाली मतदान प्रक्रिया पर निर्वाचन आयोग की नजर रहेगी।
वेब कास्टिंग की जिम्मेदारी इस बार बीएसएनएल को नहीं दी गई है। इस बार निजी कंपनी की ओर से इसकी व्यवस्था की जा रही है। सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बताया कि मतदान के दिन जिन पोलिंग बूथों पर वेब कास्टिंग होनी है, वहां आयोग के निर्देश पर नामित कंपनी के अधिकारी निगरानी रखेंगे। वेब कास्टिंग में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
-
यह रहेगी वेब कास्टिंग की व्यवस्था
पोलिंग बूथों पर होने वाली वेब कास्टिंग को लेकर चारों विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक और जिला मुख्यालय पर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र में बनने वाले कंट्रोल रूमों में चार-चार एलसीडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। जिला मुख्यालय पर बनने वाले कंट्रोल रूम में 20 एलसीडी लगाई जाएंगी।