पीलीभीत। तराई में एकाएक मौसम फिर पलट गया। रविवार सुबह जबरदस्त कोहरा था। कोहरे के कारण लोगों को परेशानी रही। बर्फीली हवा चलने से ठंड और बढ़ गई। पूरे दिन सूर्य का बादलों के साथ लुकाछिपी का खेल जारी रहा। शाम तक बादल छा जाने से बरसात की आशंका भी गहरा गई।
रविवार की सुबह जबरदस्त कोहरा था। सुबह से ही बर्फीली हवाएं बहने लगीं और कोहरा छाया रहा। बादल होने के कारण लगा कि अब बारिश हो जाएगी। इसके बाद दिन में करीब 11 बजे मौसम में सुधार हुआ तो कोहरा छंटने लगा और सूर्य के दर्शन लोगों को हो गए। लोग अनुमान लगा रहे थे कि तेज धूप निकलेगी लेकिन फिर बादल छाने लगे। इस दौरान सूर्य और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। यह खेल शाम तक जारी रहा। धूप भी मंद रही और लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल सकी।
शाम पांच बजे के करीब मौसम में बदलाव आया और बादल छा गए। बर्फीली हवाओं के चलने से रविवार को जिले का तापमान अधिकतम 19.7 और न्यूनतम 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
00
बारिश के साथ पड़ सकते हैं ओले
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि रविवार की दोपहर तक उत्तर पश्चिम हवाओं के चलने से ठंड रही। इसके बाद शाम चार बजे से हवा का रुख बदल गया। हवाएं दक्षिण पूर्वी चलने से तापमान में थोडी बढ़ोतरी हुई। हवाओं से बादल आ गए और बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका बढ़ गई।
00
दो दिनों का यह रहा तापमान
अधिकतम न्यूनतम
28 जनवरी 16.4-9.8
29 जनवरी 19.7- 8.8
(डिग्री सेल्सियस में)