पीलीभीत। टाइगर रिजर्व जंगल सीमा से सटे गांवों के शस्त्र लाइसेंसधारकों की सूची बनाएगा। टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर के निर्देश पर इसमें लाइसेंस धारकों का नाम-पता के अलावा, असलाह का प्रकार और कारतूसों के संबंध में जानकारी एकत्र की जाएगी। इसी क्रम में माला रेंज के एसडीओ उमेश चंद्र राय और पूरनपुर एसडीओ प्रवीण खरे ने अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों में जाकर जानकारी एकत्र करनी शुरू कर दी है। शासन के निर्देश पर टाइगर रिजर्व के आसपास ही नहीं बल्कि पूरे जनपद में कोई भी शस्त्र का लाइसेंस जारी किया जाएगा तो उसमें पीटीआर (पीलीभीत टाइगर रिजर्व) से भी एनओसी लेनी होगी। तभी शस्त्र लाइसेंस को मंजूरी मिलेगी। नए शासनादेश के मद्देनजर टाइगर रिजर्व ने जंगल से सटे गांवों के पुराने शस्त्रधारकों की जानकारी लेनी शुरू कर दी है। माला रेंज के एसडीओ उमेश चंद्र राय ने बताया कि जंगल के सीमावर्ती गांवों के लाइसेंसधारकों की जानकारी प्राप्त की जा रही है। यदि जंगल के आसपास इलाके में रहने वाले लाइसेंसधारी या अवैध रूप से असलहा रखने वाले की किसी भी तरह की गलत गतिविधियों की जानकारी मिलती है, तो उस पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।