बीसलपुर के गांव रढैता में सड़क पर भरा पानी । संवाद
बीसलपुर। जल निगम के ठेकेदार के कर्मचारियों की लापरवाही से गांव रढ़ैता में पिछले दो माह से जलभराव है, इससे लोगों को काफी ज्यादा दिक्कत हो रही है ।
ग्राम प्रधान मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके गांव में दो माह पूर्व जल निगम के ठेकेदार ने पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया था। ठेकेदार के कर्मचारियों ने कुछ मार्गों और गलियों में पाइप लाइन तो बिछा दी, लेकिन पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों को समतल नहीं किया। पाइप लाइन भी जगह-जगह लीक हो रही है। इससे पाइप लाइन का पानी गलियों और रास्तों में भरा हुआ है।
यह स्थिति पिछले दो माह से बनी हुई है । जगह-जगह जलभराव होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। इस बीच ग्राम प्रधान ने ठेकेदार से कई बार मिलकर लीक हो रही पाइप लाइन सही करवाने और पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों को समतल करने को कहा लेकिन ठेकेदार ने कोई ध्यान नहीं दिया।
इस अव्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में ठेकेदार के प्रति रोष है। ग्राम प्रधान ने बताया कि यदि तीन दिन के भीतर ठेकेदार ने समस्या का समाधान नहीं किया तो गांव के सभी लोग ठेकेदार के विरोध में सामूहिक धरना शुरू कर देंगे।