गांव चंदिया हजारा के समीप गन्ने के खेत का कटान करती नदी।स्रोत: ग्रामीण
पूरनपुर। वनबसा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद शारदा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नदी के उफनाने से किनारे के खेतों और गांव चंदिया हजारा की निचली गलियों में जलभराव बना हुआ है। बाढ़ की आशंका से नदी किनारे के गांवों के लोग परेशान हैं। चंदिया हजारा गांव के समीप नदी ने तेजी से कटान शुरू कर दिया है।
वनबसा बैराज से दो दिन पहले ही पानी छोड़े जाने से नदी उफान पर चल रही है। रविवार को फिर पानी छोड़े जाने के बाद जलस्तर और बढ़ गया। नदी किनारे के खेत जलमग्न हो गए। गांव चंदिया हजारा की दो गलियों में जलभराव हो गया था। नदी का जलस्तर शाम को बढ़ने और सुबह को कम होने से खेतों और आबादी में जलभराव बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार को वनबसा बैराज से जो पानी रिलीज किया गया है वह देर शाम तक क्षेत्र में पहुंच जाएगा। इससे बाढ़ की आशंका है। ग्राम प्रधान बासुदेव कुंडू ने बताया कि तेजी से शुरू हुए भूकटान में गांव निवासी नरायन टिकेदार और गौरंग मंडल की गन्ने की फसल नदी में समा गई।
गांव चंदिया हजारा से खिरकिया बरगदिया, ढक्काचांट जाने वाली सड़क पर तीन से चार फिट पानी का बहाव होने से लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है।