जर्जर शारदा सागर डैम की मुख्य सड़क। संवाद
कलीनगर। उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण शारदा सागर डैम की मुख्य सड़क बदहाल हो चुकी है। 10 से 22 किलोमीटर तक फैले हिस्से में जगह-जगह बड़े गड्ढों में बरसाती पानी भरने से सड़क झील जैसी दिखाई देने लगी है। इससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। बरसात शुरू होते ही सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से पूरा मार्ग तालाब जैसा नजर आने लगा है। वाहन चालकों के लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां। ऐसे में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। बंगाली ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष शंकर राय, ग्राम प्रधान विवेकानंद, अजय वेद, राम सजीवन सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सड़क की मरम्मत की मांग की है। शारदा सागर द्वितीय उपखंड के सहायक अभियंता राम अवध ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। बजट स्वीकृत होते ही बरसात समाप्त होने के बाद नए सिरे से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। संवाद