विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने नेपाल के अधिकारियों संग संयुक्त बैठक की। इसमें सुरक्षा बिंदुओं पर चर्चा कर रणनीति बनाई गई। बुधवार को माधोटांडा क्षेत्र के मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस में इंडो नेपाल के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें कमिश्रर प्रमांशु कुमार, आईजी विजय कुमार मीना, आईजी आशूतोष कुमार, डीएम मासूम अली सरवर, एसपी सभाराज एवं नेपाल के कंचनपुर जिले के सीडीओ मनोहर प्रसाद खनाल, पुलिस अधीक्षक नेपाल प्रकाश बहादुर चंद्र, एपीएफ एसपी इंद्रराज कार्की, नेशनल इंफारमेशन विभाग के नंद कुमार घीताल शामिल हुए। कमिश्रर प्रमांशु कुमार ने नेपाल से आए अधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद चुनाव की सुरक्षा को लेकर सीमावर्ती इलाकों में विशेष चौकसी बरतने की अपील की गई। इसका खाका भी मिलजुलकर तैयार किया गया। तय किया गया कि मतदान के दिन सुबह से देर शाम मतदान समाप्त होने तक बार्डर पर आवागमन बंद रखा जाएगा। जिसमें धुरिया पलिया, राधवपुरी गुरुद्वारा, गभिया सहराई, नौजल्हा नकटाहा, सुंदरनगर पिलर नंबर 17, नौजलिया नंबर दो, बूंदीभूड़ चौराहा, टिल्ला नंबर चार आदि बैरियर प्वाइंट चिह्नित किए गए। यहां पर पुलिस बल की तैनाती की जायेगी। अंत में कमिश्रर प्रमांशु कुमार ने नेपाल से आए अधिकारियों को टाइगर रिजर्व क्षेत्र का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उक्त अफसरों के अलावा डीएफओ कैलाश प्रकाश, आदर्श कुमार, एएसपी डा.रामसुरेश यादव, सीओ सिटी अनुराग दर्शन, सीओ सदर निशांक शर्मा मौजूद रहे।