11 गांवों के लोगों ने दोपहर तक नहीं डाले वोट
शिवनगर न्याय पंचायत को नई तहसील कलीनगर में जोड़ने का विरोध जता रहे 11 गांवों के लोगों ने दोपहर तक मतदान का खुला बहिष्कार किया। इससे यहां बने बूथों पर दोपहर तक सन्नाटा पसारा रहा। अधिकारियों के मनाने के बाद ग्रामीणों ने मतदान शुरू किया। पूरनपुर विधानसभा में आने वाली न्याय पंचायत शिवनगर के सभी 11 गांव शिवनगर, लालपुर, विधीपुर, बुढिया बिहारीपुर, इटौरिया, बैजूनगर, पिंडरा, ग्रांट नंबर-1, ग्रांट-2, सिसैया, नदहा को नई तहसील कलीनगर में जोड़ दिया गया। इस पर क्षेत्र के लोग नाराज हैं और शुरू से इसका विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों ने इन गांवों को दुबारा पूरनपुर में जोड़ने की मांग कर ज्ञापन दिया था। साथ ही चुनाव प्रचार के दौरान मतदान का बहिष्कार करने का ऐलान किया था। मंगलवार शाम यहां पहुंची पोलिंग पार्टियों ने व्यवस्थाएं की, लेकिन बुधवार सुबह ग्रामीण मतदान करने नहीं पहुंचे। ग्रामीणों ने शिवनगर गांव के निकट मुख्य मार्ग पर मतदान के विरोध का बैनर टांग रखा था। बहिष्कार केे चलते सुबह को न्याय पंचायत के सभी 11 गांवों में मतदान ठप रहा। इसकी जानकारी होने पर कलीनगर तहसील के एसडीएम जेपी सिंह मौके पर पहुंचे। मगर उनके काफी समझाने के बाद भी ग्रामीण मतदान करने को राजी नहीं हुए। उनकी सूचना पर पहुंचे एडीएम अजयकांत सैनी ने लोगों को समझाकर मतदान के लिए राजी किया। इससे न्याय पंचायत शिवनगर के 11 गांवों में 11.45 से 1.00 बजे मतदान शुरू हो सका। एडीएम ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या से शासन को अवगत कराया जाएगा यही आश्वासन दिया गया है।