एमएलसी चुनाव में मतदान करने वाले मतदाताओं की उंगली पर इस बार अमिट स्याही नहीं लगेगी। यह जानकारी एडीएम ने पोलिंग पार्टियों के प्रशिक्षण में दी।
पीलीभीत शाहजहांपुर क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव के लिए तीन मार्च को होने वाले चुनाव को प्रशासन ने जिले में नौ मतदान केंद्र बनाए हैं। इन मतदान केंद्रों के लिए कुल 12 पोलिंग पार्टियां लगाई गई हैं, जिसमें तीन पार्टियां रिजर्व में रहेंगी। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में हुए प्रशिक्षण में एडीएम अजयकांत सैनी ने कहा कि पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी तृतीय यह सुनिश्चित करें कि मतदान के दौरान मतपेटियों में प्रपत्रों के अलावा कोई अन्य कागज अथवा सामग्री नहीं पड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि चूंकि एमएलसी चुनाव के सभी मतदाता जनप्रतिनिधि होते हैं इसलिए वोट डालने पर उनकी उंगली पर अमिट स्याही नहीं लगाई जाएगी। केवल फोटो युक्त वोटर लिस्ट से मतदाता का मिलान करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि एमएलसी चुनाव में जो मतदाता निरक्षर, दिव्यांग हैं अथवा सहायक चाहते हैं तो वह 29 फरवरी तक उनके कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। जिला प्रशिक्षण अधिकारी रामेश्वर प्रसाद ने मतदान की प्रक्रिया और इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया। प्रशिक्षण में कई अधिकारी मौजूद रहे।