जिले में चला मतदाता पुनरीक्षण अभियान
- फोटो : जिले में चला मतदाता पुनरीक्षण अभियान
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा स्तरीय निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण का विशेष अभियान चलाया गया। सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ के माध्यम से दावा/आपत्ति फार्म जमा कराए गए। डीएम ने मतदान केंद्रों का भ्रमण कर पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया।चुनाव आयोग के निर्देश पर पिछले दिनों युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का अभियान शुरू कराया गया था। इसके तहत स्कूल कॉलेेजों में कार्यक्रम भी आयोजित किए। अब दो विशेष मतदाता पुनरीक्षण दिवस बनाने के निर्देश प्रदेश आयोग से प्राप्त हुए थे। इसके तहत पहला मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम रविवार को जिले भर के मतदान केंद्रों पर आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की टीम अपने अपने क्षेत्र की मतदाता सूचियों एवं दावा आपत्ति फार्म के साथ मौजूद रहे। मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर दावा फार्म जमा किए। डीएम शीतल वर्मा ने सुबह शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज और रामलुभाई साहनी महिला डिग्री कॉलेज में आयोजित मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद स्टाफ एवं मतदाताओं से भी जानकारी की। एडीएम ब्रजकिशोर ने बताया कि गत दिनों चले अभियान में 4481 दावे (फार्म-6) प्राप्त हुए थे। रविवार के मतदाता पुनरीक्षण की रिपोर्ट सोमवार को प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि अगला विशेष अभियान 31 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा।