पीलीभीत। जिला स्तरीय विद्यालय बालक व बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता बुधवार को सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज में कराई गई। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज की टीम नेशनल इंटर कॉलेज पर हावी रही। नेशनल की टीम जीत हासिल करने के लिए जूझती नजर आई, लेकिन सफल नहीं हो सकी। जीत का ताज सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज की टीम के सिर सजा।
वॉलीबॉल के बालिका वर्ग में दो टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें सरदार वल्लभभाई पटेल अमरा करोड़ की टीम ने ज्ञान प्रशांत बालिका इंटर कॉलेज की टीम को 2-0 से मात दी। बालक वर्ग में राम इंटर कॉलेज, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर मझोला, गुरु नानक इंटर कॉलेज, राजकीय हाई स्कूल महोफ, राजकीय इंटर कॉलेज न्योरिया, आर्य पाठशाला पूरनपुर, नेशनल इंटर कॉलेज की टीमों ने मुकाबले में हिस्सा लिया।
सेमीफाइनल में सरदार वल्लभभाई पटेल ने आर्य कन्या पाठशाला पूरनपुर को 25-10 व 25-17 से पराजित किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में नेशनल इंटर कॉलेज की टीम ने राम इंटर कॉलेज को 25-19 व 25-10 से शिकस्त दी। फाइनल प्रतियोगिता सरदार वल्लभभाई पटेल व नेशनल इंटर कॉलेज की टीम के बीच हुई।
मुकाबला काफी रोमांचक रहा, नेशनल की टीम फाइनल के तीन मुकाबलों में मशक्कत करती रही, लेकिन उसे 25-19, 15-25 व 25-21 के स्कोर से शिकस्त झेलनी पड़ी। उद्घाटन कॉलेज प्रबंधक रवि बजाज व प्रधानाचार्य डॉ. सुरेंद्र गंगवार ने खिलाड़ियों से परिचय कर किया। संचालन शारीरिक शिक्षक प्रशांत शुक्ला ने किया। इस दौरान जय हिंद मौर्य, संजय सरकार, वीरेंद्र गंगवार, प्रगट सिंह का सहयोग रहा।
भारोत्तोलन में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
पीलीभीत। रामा इंटर कॉलेज में हुई जिला स्तरीय माध्यमिक विद्यालय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जीजीआईसी पीलीभीत, गांधी स्मारक सुंदरलाल इंटर कॉलेज, हाफिज रहमत खां इंटर कॉलेज व एसएन इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
बालिका वर्ग में जीजीआईसी पीलीभीत की छात्रा कसक लोधी, मानसी व आदर्श उत्तर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा शिवानी का चयन हुआ। बालक वर्ग के 49 किलोग्राम वर्ग में एसएन इंटर कॉलेज के नागेश्वर, आदर्श उत्तर माध्यमिक विद्यालय के शिवम लोधी, 55 किलोग्राम वर्ग में मोहम्मद रेहान व 61 किलोग्राम वर्ग में विवेक राणा एसएन कॉलेज पीलीभीत, 73 किलोग्राम वर्ग में हाफिज रहमत इंटर कॉलेज से सैयद नुमाज अली, 61 किलोग्राम वर्ग में गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के शादाब का चयन हुआ। इस दौरान वरिष्ठ खिलाड़ी नरेश अग्रवाल, प्रशिक्षक महेश कुमार, अरविंद कुमार और वीरेंद्र गंगवार का सहयोग रहा। संवाद
तीरंदाजी में पहुंचा मात्र एक खिलाड़ी
जिला स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में मात्र एक ही तीरंदाज ने हिस्सा लिया। यदुवंशी कन्या इंटर कॉलेज बिलसंडा के छात्र विशेष मिश्रा पहुंचे तो उनका चयन मंडलीय प्रतियोगिता के लिए कर लिया गया। जिला क्रीड़ा सचिव राजेश शुक्ला के अनुसार, जिले में पहली बार तीरंदाजी प्रतियोगिता में कोई खिलाड़ी आया है। मंडलीय तीरंदाजी प्रतियोगिता 21 सितंबर को बरेली में होगी। भारोत्तोलन की मंडलीय प्रतियोगिता 19 सितंबर को गांधी स्टेडियम में सुबह 10 से शुरू होगी। वॉलीबॉल की मंडलीय प्रतियोगिता बरेली में 20 सितंबर को होगी। संवाद
पीलीभीत के सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज में वालीवॉल प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी। स
पीलीभीत के सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज में वालीवॉल प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी। स
पीलीभीत के सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज में वालीवॉल प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी। स