पीलीभीत। जिले के युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसके लिए उपाधि पीजी कॉलेज की ओर से पहल की जा रही है। यहां विद्यार्थियों को वर्तमान समय की मांग के अनुसार पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए 10 अध्ययन कक्ष बनाए जाएंगे। इस पर प्रबंध समिति की ओर से मुहर लगा दी गई है।
प्राचार्य प्रो. दुष्यंत कुमार का कहना है कि विद्यार्थियों के हित में 10 अध्ययन कक्ष व एक सेमिनार हॉल बनाया जाएगा। प्रबंध समिति सचिव मुरली मनोहर अग्रवाल ने बताया कि निर्माण का उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करना है। इसके लिए जिले का ऐतिहासिक महाविद्यालय माध्यम बनेगा।
इसमें आधुनिक समय की मांग के अनुसार तकनीकी कोर्सों का भी संचालन किया जा सकेगा। साथ ही युवाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं का संचालन भी किया जा सकेगा। कहा कि वर्तमान में बड़ी संख्या में ऐसे कोर्स उपलब्ध हैं, जिनसे युवा रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। नई शिक्षा नीति भी इसे बढ़ावा देती है। इस संबंध में रुहेलखंड विश्वविद्यालय से भी चर्चा की जाएगी, जहां रोजगारपरक कोर्स संचालित किए जा रहे हैं।
नक्शा किया जा रहा तैयार
सचिव मुरली मनोहर अग्रवाल का कहना है कि परिसर में ही भूमि चिह्नांकन के बाद निर्माण के प्रस्ताव पर समिति की बैठक में मुहर लगाई जा चुकी है। वर्तमान में इसका नक्शा तैयार कराया जा रहा है। इसके बाद पीलीभीत विकास प्राधिकरण (पीडीए) के साथ ही बरेली टाउन प्लानर के पास प्रस्ताव भेजा जाएगा। वहां से अनुमति मिलने पर निर्माण शुरू हो सकेगा। अभी परिसर में बने करीब 16 कमरों में शिक्षण कार्य होता है। चार प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, गर्ल्स कॉमन रूम, प्रशासनिक भवन में बने हुए हैं।
-महाविद्यालय परिसर में ही अलग भवन बनाया जाएगा। इसके प्रस्ताव पर समिति की मुहर लग चुकी है। नक्शा तैयार कराया जा रहा है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया के लिए इसे भेजा जाएगा। वहां से अनुमति मिलने के बाद कार्य शुरू हो सकेगा। वहीं किस पाठ्यक्रम का संचालन करना है, इस पर चर्चा की जाएगी।
- मुरली मनोहर अग्रवाल, सचिव, महाविद्यालय प्रबंध समिति