पूरनपुर। हरीपुर जंगल से निकला बाघ तीन किलोमीटर दूर शेरपुरकलां में आबादी के समीप आ गया। बाघ को देख लोग सहम गए। शोर-शराबा करने पर बाघ खेत में छिप गया।
शनिवार सुबह शेरपुर कलां के गांव मटरूनगर से कुछ दूरी पर रेशम फार्म के समीप खेतों में घूम रहे बाघ को देखकर लोगों ने शोर-शराबा किया। बाघ देखने को लोगों की भीड़ लगी। गांव के समीप बाघ आने की जानकारी पर लोगों में खलबली मची हुई है। सूचना पर हरीपुर रेंज और सामाजिक वानिकी की टीम मौके पर पहुंची। सामाजिक वानिकी के रेंजर सरबन लाल ने बताया कि बाघ की सूचना पर टीम को भेजा गया। रेशम फार्म के समीप बाघ के पगचिह्न मिले हैं। बाघ की निगरानी के लिए हरीपुर रेंज की टीम लगाई गई है। आसपास के लोगों को बाघ की चहलकदमी को लेकर सतर्क किया गया है।